सुखबीर बादल पर नांदेड़ में हमला, निहंग ने कृपाण से वार, पुलिस हिरासत में आरोपी

महाराष्ट्र के नांदेड़ से शिरोमणि अकाली दल (SAD) के वरिष्ठ नेता और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर हमले की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि नांदेड़ के माता साहिब कौर इलाके स्थित एक गुरुद्वारे में एक निहंग ने उन पर धारदार हथियार, कथित तौर पर कृपाण, से हमला कर दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है। हमले में सुखबीर बादल के दाहिने हाथ में चोट आई है। घटना के बाद उन्हें तत्काल इलाज के लिए नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार किया गया। उनकी हालत को लेकर फिलहाल गंभीर चोट की बात सामने नहीं आई है।

गुरुद्वारा परिसर में अचानक हुआ हमला

नांदेड़ के जिलाधिकारी राहुल कर्डिले के मुताबिक, सुखबीर सिंह बादल निजी दौरे पर गुरुद्वारा पहुंचे थे और उन्हें तय प्रोटोकॉल के तहत सुरक्षा उपलब्ध कराई गई थी। इसी दौरान एक व्यक्ति अचानक गुरुद्वारा परिसर में पहुंचा और सुखबीर बादल पर हमला कर दिया। हमले के दौरान सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत आरोपी को काबू में कर लिया। बादल को बचाने की कोशिश में एक पुलिस इंस्पेक्टर को भी हल्की चोट लगने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने हमलावर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना के बाद सुखबीर बादल की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। पुलिस हमले के पीछे की वजह और आरोपी की मंशा का पता लगाने में जुटी है।

पहले भी हो चुका है जानलेवा हमला

सुखबीर सिंह बादल पर यह पहला हमला नहीं है। इससे पहले 4 दिसंबर 2024 को अमृतसर के स्वर्ण मंदिर के बाहर भी उन पर जानलेवा हमला करने की कोशिश हुई थी। उस घटना में एक व्यक्ति ने उन पर गोली चलाने की कोशिश की थी, हालांकि सुरक्षा कर्मियों की तत्परता के चलते सुखबीर बादल बाल-बाल बच गए थे। नांदेड़ की ताजा घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और हमले से जुड़े पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।