Swine Flu: क्या बिना बुखार के भी हो सकता है H1N1? जानिए कौन से लक्षण दिखें तो रहें सावधान
by न्यूज डेस्क
देश के अलग-अलग हिस्सों में इन दिनों वायरल इंफेक्शन और स्वाइन फ्लू यानी H1N1 के मामले सामने आ रहे हैं। स्वाइन फ्लू का नाम आते ही सबसे पहले बुखार का ख्याल आता है, लेकिन क्या बुखार न होने पर भी H1N1 संक्रमण हो सकता है? विशेषज्ञों के मुताबिक, इसका जवाब हां है। हर संक्रमित व्यक्ति में एक जैसे लक्षण दिखाई दें, यह जरूरी नहीं है। H1N1 संक्रमण में बुखार एक सामान्य लक्षण माना जाता है, लेकिन कुछ लोगों में संक्रमण हल्का होने की वजह से बुखार नहीं भी आता। कुछ मामलों में लक्षण इतने मामूली होते हैं कि व्यक्ति उन्हें मौसम बदलने, सामान्य सर्दी-जुकाम या वायरल इंफेक्शन समझ लेता है।
बिना बुखार के भी दिख सकते हैं H1N1 के लक्षण
दिल्ली के आरएमएल अस्पताल के मेडिसिन विभाग के डायरेक्टर और प्रोफेसर डॉ. सुभाष गिरि के मुताबिक, केवल बुखार की मौजूदगी या अनुपस्थिति के आधार पर यह तय नहीं किया जा सकता कि किसी व्यक्ति को H1N1 संक्रमण है या नहीं। स्वाइन फ्लू होने पर कुछ लोगों में अचानक काफी थकान, सूखी खांसी, गले में खराश, नाक बहना या बंद होना, सिरदर्द, मांसपेशियों में दर्द और कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। इनमें बुखार हो भी सकता है और नहीं भी। विशेषज्ञों का कहना है कि संक्रमण के लक्षण व्यक्ति की प्रतिरोधक क्षमता और शरीर की प्रतिक्रिया के आधार पर अलग-अलग हो सकते हैं। इसलिए सिर्फ इस वजह से H1N1 की संभावना को खारिज नहीं किया जा सकता कि मरीज को बुखार नहीं है।
सर्दी-जुकाम समझकर नजरअंदाज न करें
H1N1 के शुरुआती लक्षण कई बार सामान्य वायरल इंफेक्शन जैसे ही होते हैं। ऐसे में व्यक्ति इसे मौसम का असर या साधारण फ्लू समझ सकता है। खांसी, गले में खराश, नाक बंद होना, शरीर में दर्द और कमजोरी जैसे लक्षण अगर अचानक शुरू हुए हैं तो इन पर नजर रखना जरूरी है। हालांकि, इन लक्षणों के आधार पर अकेले यह पुष्टि नहीं की जा सकती कि संक्रमण H1N1 का ही है। जरूरत पड़ने पर डॉक्टर मरीज की स्थिति के अनुसार जांच या टेस्ट कराने की सलाह दे सकते हैं। अगर लक्षण हल्के हैं और दो-तीन दिन में आराम, पर्याप्त पानी और सामान्य देखभाल से बेहतर होने लगते हैं, तो आमतौर पर घबराने की जरूरत नहीं होती। लेकिन लक्षण बढ़ रहे हों या कोई गंभीर संकेत दिखाई दे रहा हो तो डॉक्टर से संपर्क करना बेहतर है।
सांस लेने में परेशानी हो तो तुरंत लें मेडिकल मदद
स्वाइन फ्लू या किसी अन्य वायरल संक्रमण के दौरान सांस लेने में दिक्कत को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। डॉ. सुभाष गिरि के मुताबिक, अगर बुखार नहीं है लेकिन अचानक बहुत ज्यादा थकान, सूखी खांसी, गले में खराश और शरीर में दर्द के साथ सांस लेने में परेशानी भी हो रही है, तो यह गंभीर स्थिति का संकेत हो सकता है। ऐसी स्थिति में घर पर इंतजार करने के बजाय तुरंत अस्पताल या डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। खासकर बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और पहले से किसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे लोगों में फ्लू जैसे लक्षणों को लेकर अतिरिक्त सावधानी जरूरी है।
जरूरी बात- बुखार H1N1 का आम लक्षण जरूर है, लेकिन बुखार न होने का मतलब यह नहीं है कि स्वाइन फ्लू नहीं हो सकता। अगर खांसी, गले में खराश, शरीर में दर्द, अत्यधिक कमजोरी या सांस से जुड़ी परेशानी लगातार बनी हुई है, तो डॉक्टर की सलाह लेना सबसे सुरक्षित तरीका है। खुद से दवा लेने के बजाय चिकित्सकीय सलाह के आधार पर ही इलाज कराना चाहिए।