संसद मार्ग थाने पहुंची CJP की टीम, निशु आजाद के पिता से मारपीट मामले में कार्रवाई की मांग
by न्यूज डेस्क
नई दिल्ली: जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान निशु आजाद के पिता संजय कुमार के साथ कथित मारपीट का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। घटना को लेकर दिल्ली में विरोध-प्रदर्शन शुरू हो गया है। CJP के प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रांका पार्टी समर्थकों के साथ पटेल चौक से संसद मार्ग थाने पहुंचे और पुलिस से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। निशु आजाद भी इस दौरान थाने पहुंचीं। इस मामले में आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर भी प्रदर्शनकारियों के समर्थन में संसद मार्ग थाने पहुंचे हैं।
वायरल पॉडकास्ट क्लिप के बाद फिर गरमाया मामला
दरअसल, सोशल मीडिया पर सामने आए एक पॉडकास्ट वीडियो की क्लिप के बाद यह मामला दोबारा चर्चा में आया। क्लिप में स्वतंत्र भारद्वाज कथित तौर पर यह दावा करते नजर आ रहे हैं कि संजय कुमार के सिर पर हमला उन्होंने ही किया था। वीडियो में राजनीतिक प्रभाव की वजह से अपने खिलाफ बड़ी कानूनी कार्रवाई नहीं होने का भी दावा किए जाने की बात सामने आई है। क्लिप वायरल होने के बाद CJP ने मामले में पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। पार्टी के पदाधिकारी और समर्थक पटेल चौक से संसद मार्ग थाने तक पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
CJP की मांग- आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी हो
CJP के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने कहा कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान संजय कुमार के साथ मारपीट हुई थी और उन्हें सिर में चोट आई थी। उनका कहना है कि घटना के बाद से ही पार्टी की ओर से दिल्ली पुलिस से आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले में गंभीर धाराएं लगाने की मांग की जा रही है। रांका ने आरोप लगाया कि अब कथित तौर पर घटना में शामिल लोगों की ओर से संजय कुमार पर हमला करने की बात सामने आ रही है। इसके बावजूद पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल बने हुए हैं।
उन्होंने कहा कि पार्टी चाहती है कि जिन लोगों ने कथित तौर पर घटना में अपनी भूमिका स्वीकार की है, उन्हें तत्काल गिरफ्तार किया जाए। साथ ही मामले में हत्या के प्रयास समेत सभी लागू गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की जाए। रांका ने पुलिस की अब तक की कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए कहा कि उनकी टीम शुरुआत से ही संजय कुमार और उनके परिवार के साथ खड़ी है।
कांग्रेस की लीगल टीम भी हुई सक्रिय
मामले में अब कांग्रेस की कानूनी टीम की सक्रियता भी सामने आई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की सोशल मीडिया पोस्ट के बाद पार्टी की लीगल टीम ने निशु आजाद को कानूनी मदद देने की दिशा में कदम बढ़ाया है। फिलहाल प्रदर्शनकारियों की ओर से दिल्ली पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपियों की गिरफ्तारी और कथित हमले में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की जा रही है।