सॉरी अश्विन भाई…अर्शदीप सिंह ने क्यों मांगी माफी?
by न्यूज डेस्क
नई दिल्ली भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह एक बार फिर अपने बेबाक अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। इस बार वजह मैदान पर उनका प्रदर्शन नहीं, बल्कि एक इंटरव्यू के दौरान भारतीय क्रिकेट के दिग्गज ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन से मजाकिया अंदाज में मांगी गई माफी है। दरअसल, अर्शदीप से उनके पसंदीदा भारतीय गेंदबाजों की टॉप-5 सूची बनाने के लिए कहा गया था। सूची तैयार करने के बाद उन्होंने हंसते हुए कहा कि वह अश्विन को सबसे नीचे रखना नहीं चाहते थे और इसके लिए उन्हें व्यक्तिगत रूप से माफी भी मांगेंगे। एक यूट्यूबर से बातचीत में अर्शदीप सिंह से उनके पसंदीदा भारतीय गेंदबाजों की रैंकिंग पूछी गई। तो उन्होंने अपनी सूची में कई खिलाड़ियों को शामिल किया जिसमें भवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, रविचंद्रन अश्विन शामिल है, अर्शदीप ने भुवनेश्वर कुमार को पहला स्थान देते हुए कहा कि वे उनके पर्सनल फेवरेट हैं, इसलिए इस मामले में वह थोड़ा पक्षपाती (biased) भी हैं।
वहीं मोहम्मद शमी की सीम पोजिशन और किसी भी परिस्थिति में गेंद को स्विंग कराने की क्षमता की उन्होंने खुलकर तारीफ की। कुलदीप यादव की विकेट लेने की कला और युजवेंद्र चहल के शानदार रिकॉर्ड का भी उन्होंने जिक्र किया। जब अर्शदीप ने रविचंद्रन अश्विन को पांचवें स्थान पर रखा तो उन्हें तुरंत एहसास हुआ कि भारत के सबसे सफल मैच विजेताओं में से एक स्पिनर को सूची में सबसे नीचे रखना सही नहीं लग रहा। इस पर उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, "मैं अश्विन भाई को आखिरी स्थान पर नहीं रखना चाहता था, लेकिन ऊपर कोई जगह बची ही नहीं थी।" उन्होंने आगे कहा कि अश्विन शानदार क्रिकेटर हैं और आईपीएल में पंजाब टीम के दौरान उनके पहले कप्तान भी रह चुके हैं। इसी वजह से उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह अश्विन को पर्सनली मैसेज करके माफी मांग लेंगे।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
अर्शदीप सिंह का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। क्रिकेट प्रशंसकों ने उनकी ईमानदारी और हल्के-फुल्के अंदाज की सराहना की है। कई यूजर्स का कहना है कि किसी खिलाड़ी की व्यक्तिगत पसंद अलग हो सकती है और अर्शदीप ने पूरे सम्मान के साथ अपनी राय रखी।