15 साल के वैभव सूर्यवंशी को उपकप्तान बनाने पर विवाद, पूर्व कप्तान ने उठाए सवाल
नई दिल्ली: दलीप ट्रॉफी 2026 शुरू होने से पहले भारतीय क्रिकेट में 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। ईस्ट जोन टीम का उपकप्तान बनाए जाने के फैसले पर पूर्व क्रिकेटर और गुजरात के पूर्व कप्तान प्रियंक पांचाल ने सवाल उठाते हुए इसे जल्दबाजी बताया है। दलीप ट्रॉफी के लिए ईस्ट जोन की कप्तानी ईशान किशन को सौंपी गई है, जबकि वैभव सूर्यवंशी को उपकप्तान बनाया गया है। हैरानी की बात यह है कि वैभव ने अब तक सिर्फ 8 फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं, जबकि टीम में 113 फर्स्ट क्लास मुकाबलों का अनुभव रखने वाले अभिमन्यु ईश्वरन जैसे वरिष्ठ खिलाड़ी भी मौजूद हैं। हाल ही में जिम्बाब्वे दौरे पर वैभव सूर्यवंशी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 151 रन बनाए थे। तीसरे और निर्णायक मुकाबले में उनकी 81 रन की विस्फोटक पारी ने भारत को सीरीज जिताने में अहम भूमिका निभाई। उन्हें 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' भी चुना गया था। इसी प्रदर्शन के बाद चयनकर्ताओं ने उन्हें नेतृत्व की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपने का फैसला किया।
प्रियंक पांचाल ने क्या कहा?
प्रियंक पांचाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि इतनी कम उम्र में उपकप्तानी देना युवा खिलाड़ी पर अनावश्यक दबाव डाल सकता है। उनके अनुसार, वैभव को पहले रेड बॉल क्रिकेट में खुद को पूरी तरह स्थापित करने का मौका मिलना चाहिए, उसके बाद नेतृत्व की जिम्मेदारी देना अधिक उचित होगा। पांचाल की टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर भी बहस तेज हो गई। कई क्रिकेट प्रशंसकों और विशेषज्ञों का मानना है कि वैभव की प्रतिभा पर कोई सवाल नहीं है, लेकिन नेतृत्व की भूमिका के लिए अभी थोड़ा इंतजार बेहतर होता।
चयन समिति ने किया फैसले का बचाव
हालांकि, ईस्ट जोन चयन समिति ने अपने फैसले का बचाव किया है। चयनकर्ता मनीष वर्धन ने कहा कि यह निर्णय केवल मौजूदा टूर्नामेंट के लिए नहीं, बल्कि वैभव के लंबे क्रिकेट करियर को ध्यान में रखकर लिया गया है। उनके मुताबिक, पकप्तान बनने से युवा खिलाड़ी कप्तान के साथ मिलकर टीम प्रबंधन और नेतृत्व की बारीकियां सीखता है। इससे भविष्य में उसके विकास को गति मिलेगी।