मुंबई में महंगाई का झटका: दूध ₹102, CNG ₹88 और ऑटो का न्यूनतम किराया ₹27, 1 सितंबर से क्या-क्या बदला?

by न्यूज डेस्क
मुंबई में महंगाई का झटका: दूध ₹102, CNG ₹88 और ऑटो का न्यूनतम किराया ₹27, 1 सितंबर से क्या-क्या बदला?

मुंबई: सितंबर की शुरुआत मुंबईवासियों के लिए महंगाई के नए बोझ के साथ हुई है। 1 सितंबर से मायानगरी में दूध, सीएनजी-पीएनजी और ऑटो-टैक्सी का सफर महंगा हो गया है। यानी रोजमर्रा की जरूरतों से लेकर आने-जाने तक, एक ही दिन में आम आदमी की जेब पर तीन तरफ से असर पड़ा है।

CNG और PNG के दाम बढ़े

सबसे पहले बात करते हैं गैस की। महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने मुंबई और आसपास के इलाकों में CNG की कीमत 2 रुपये प्रति किलो बढ़ा दी है। नई दर लागू होने के बाद अब CNG 88 रुपये प्रति किलो मिलेगी। वहीं घरेलू PNG के दाम में भी 1 रुपये प्रति SCM की बढ़ोतरी की गई है। कंपनी के मुताबिक, पश्चिम एशिया में जारी तनाव के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्राकृतिक गैस की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। इसके अलावा महंगे दाम पर स्पॉट RLNG का आयात करना पड़ रहा है, जिससे गैस की लागत बढ़ गई है। इसी वजह से कीमतों में संशोधन किया गया है। इस बढ़ोतरी का असर मुंबई समेत ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी, लातूर, धाराशिव और कर्नाटक के चित्रदुर्ग व दावणगेरे इलाकों में CNG का इस्तेमाल करने वाले करीब 13 लाख वाहन मालिकों पर पड़ेगा। वहीं घरेलू PNG के करीब 30 लाख उपभोक्ताओं को भी अब ज्यादा भुगतान करना होगा।

ऑटो-टैक्सी का सफर भी हुआ महंगा

मुंबई में सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने वालों को भी राहत नहीं मिली है। मुंबई महानगर क्षेत्र परिवहन प्राधिकरण (MMRTA) ने ऑटो और टैक्सी के किराए में बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। नई दरों के मुताबिक, ऑटो का न्यूनतम किराया 27 रुपये, जबकि काली-पीली टैक्सी का न्यूनतम किराया 33 रुपये हो गया है। ऑटो का प्रति किलोमीटर किराया 17.14 रुपये से बढ़कर 18.22 रुपये हो गया है। वहीं टैक्सी का प्रति किलोमीटर किराया 20.66 रुपये से बढ़कर 21.90 रुपये कर दिया गया है। पहले 1.5 किलोमीटर के सफर के लिए टैक्सी यात्रियों से 31 रुपये लिए जाते थे, लेकिन अब इसके लिए 33 रुपये चुकाने होंगे। नई किराया दरों के मुताबिक मीटर को कैलिब्रेट कराने के लिए ड्राइवरों को नवंबर के अंत तक का समय दिया गया है। तय समय तक मीटर अपडेट नहीं कराने पर जुर्माना लगाया जा सकता है। मुंबई में साढ़े चार लाख से ज्यादा ऑटो और 50 हजार से अधिक टैक्सियां संचालित होती हैं। इससे पहले ऑटो-टैक्सी किराए में फरवरी 2025 में बदलाव किया गया था।

तबेले का दूध भी हुआ महंगा

महंगाई का तीसरा असर दूध की कीमत पर पड़ा है। मुंबई में तबेले के दूध की कीमत 9 रुपये प्रति लीटर बढ़ गई है। अब 93 रुपये प्रति लीटर मिलने वाला दूध 102 रुपये प्रति लीटर में मिलेगा। नई कीमत अगले साल 28 फरवरी तक लागू रहेगी। दूध उत्पादकों का कहना है कि पशुओं के चारे की लागत लगातार बढ़ रही है। अनाज, तूर चुनी और चना चुनी जैसी पशु आहार सामग्री की कीमतों में करीब 25 फीसदी तक की बढ़ोतरी हुई है। बढ़ती लागत को देखते हुए दूध के दाम बढ़ाने का फैसला किया गया है।

एक दिन में तीन महंगाई के झटके

कुल मिलाकर मुंबई में 1 सितंबर से आम लोगों के घरेलू बजट पर सीधा असर पड़ा है। CNG महंगी होने से वाहन चलाने की लागत बढ़ी, ऑटो-टैक्सी का किराया बढ़ने से रोजाना सफर महंगा हुआ और दूध की कीमत बढ़ने से घर का मासिक खर्च भी बढ़ेगा। ऐसे में सितंबर की शुरुआत मुंबईकरों के लिए महंगाई के नए दबाव के साथ हुई है।


न्यूज डेस्क