‘मैंने पद्मावती या जौहर करने वाली महिलाओं को कायर नहीं कहा’, पुराने बयान पर स्वरा भास्कर की सफाई, बोलीं- ‘गलत तरीके से फैलाया जा रहा है’

by न्यूज डेस्क
‘मैंने पद्मावती या जौहर करने वाली महिलाओं को कायर नहीं कहा’, पुराने बयान पर स्वरा भास्कर की सफाई, बोलीं- ‘गलत तरीके से फैलाया जा रहा है’

बॉलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर एक बार फिर अपने पुराने ‘पद्मावत’ और जौहर से जुड़े बयान को लेकर चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर उनके एक पुराने वीडियो की क्लिप वायरल हो रही है, जिसके आधार पर दावा किया जा रहा है कि उन्होंने रानी पद्मावती और जौहर करने वाली महिलाओं को ‘कायर’ बताया था। अब स्वरा भास्कर ने एक नया वीडियो शेयर कर अपने बयान का संदर्भ स्पष्ट किया है। स्वरा का कहना है कि उनके पुराने बयान को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है और उसका ऐसा अर्थ निकाला जा रहा है, जो उन्होंने कहा ही नहीं था। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने कभी रानी पद्मावती या जौहर करने वाली महल की अन्य महिलाओं को कायर नहीं कहा।

स्वरा ने बताया, आखिर उन्होंने क्या कहा था?

अपने वीडियो में स्वरा ने अपने पुराने बयान के अलग-अलग हिस्सों का हिंदी में अर्थ समझाया। उन्होंने कहा कि उनके बयान का गलत अनुवाद कर सोशल मीडिया पर एक अलग कहानी बनाई जा रही है। एक्ट्रेस ने कहा कि अगर किसी को उनकी बात समझ नहीं आई थी, तो उन्हें पहले यह जानने की कोशिश करनी चाहिए थी कि उन्होंने वास्तव में क्या कहा था। उन्होंने ट्रोलिंग को लेकर भी कहा कि लोग उन्हें गाली देना चाहते हैं तो दें, लेकिन कम से कम सही बात के लिए दें। स्वरा ने बताया कि ‘पद्मावत’ का क्लाइमेक्स देखने के दौरान उनके मन में एक विचार आया था। उन्होंने कहा कि अगर भगवान न करे वह खुद कभी रेप की शिकार होतीं, तो उस स्थिति में शायद उन्हें इस बात का अपराधबोध होता कि उन्होंने अपनी जान नहीं ली। उनके मुताबिक, यह बात उन्होंने जौहर करने वाली महिलाओं को कायर बताने के लिए नहीं कही थी, बल्कि उस सामाजिक सोच पर सवाल उठाने के लिए कही थी, जिसमें महिलाओं की जिंदगी और उनकी शारीरिक ‘पवित्रता’ को अलग-अलग तरीके से देखा जाता है।

‘क्या रेप सर्वाइवर के लिए जिंदा रहना गलत है?’

स्वरा ने अपने बयान को रेप कल्चर और महिलाओं के खिलाफ हिंसा से जोड़ते हुए कई सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि समाज में यौन हिंसा को लेकर गंभीर चिंता है और ऐसे माहौल में फिल्मों से मिलने वाले संदेश पर भी सवाल किया जाना चाहिए। उन्होंने ‘पद्मावत’ के संदर्भ में सवाल उठाया कि क्या ऐसी कहानी का संदेश यह होना चाहिए कि किसी महिला की शारीरिक पवित्रता उसकी जिंदगी से ज्यादा महत्वपूर्ण है? उन्होंने यह भी सवाल किया कि अगर कोई महिला रेप की शिकार होती है और जिंदा बच जाती है, तो क्या उसे यह संदेश दिया जाना चाहिए कि उसकी जिंदगी खत्म हो जाना बेहतर था? स्वरा ने इसी संदर्भ में निर्भया केस का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की जीने की इच्छा को कभी कम करके नहीं आंकना चाहिए।

दिल्ली-NCR की घटना का भी किया जिक्र

स्वरा ने अपने वीडियो में दिल्ली-NCR में एक महिला के साथ कथित तौर पर करीब 47 किलोमीटर तक रेप किए जाने की घटना का भी जिक्र किया। उन्होंने इस तरह की घटनाओं का उदाहरण देते हुए महिलाओं की सुरक्षा और समाज की सोच पर सवाल उठाया। उनका कहना था कि महिलाओं के साथ होने वाली हिंसा के बीच यह समझना जरूरी है कि किसी महिला के साथ यौन हिंसा होने के बाद उसकी जिंदगी की अहमियत खत्म नहीं हो जाती।

सोशल मीडिया पोस्ट के कैप्शन में मीडिया पर निशाना

स्वरा ने वीडियो के साथ लिखे कैप्शन में भी अपने पुराने बयान को लेकर चल रहे विवाद पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने दावा किया कि उनके वीडियो की एक छोटी क्लिप वायरल कर उसके आधार पर गलत नैरेटिव तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी यह नहीं कहा कि रानी पद्मावती या जौहर करने वाली कोई महिला कायर थी। एक्ट्रेस ने मीडिया संस्थानों और सोशल मीडिया यूजर्स पर भी गलत दावे फैलाने का आरोप लगाया। स्वरा ने अपनी पोस्ट के जरिए यह संदेश देने की कोशिश की कि किसी महिला के साथ रेप होने के बाद भी उसे सम्मान के साथ जीने का पूरा अधिकार है।

‘पद्मावत’ रिलीज के बाद भी दिया था बयान

बता दें कि संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘पद्मावत’ की रिलीज के बाद स्वरा भास्कर ने फिल्म को लेकर एक ओपन लेटर लिखा था। उस समय फिल्म के क्लाइमेक्स और जौहर के चित्रण को लेकर उनकी टिप्पणी काफी चर्चा में आई थी। स्वरा ने बाद में बताया था कि फिल्म में जौहर का दृश्य देखने के बाद वह काफी विचलित हो गई थीं। उन्होंने महिलाओं को केवल उनकी शारीरिक पहचान तक सीमित किए जाने की सोच पर सवाल उठाया था। अब पुराने वीडियो की क्लिप दोबारा वायरल होने के बाद स्वरा ने सफाई देते हुए कहा है कि उनके बयान का मूल संदर्भ समझे बिना उसे ‘पद्मावती को कायर कहने’ के रूप में पेश किया जा रहा है।


न्यूज डेस्क