एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भारत का दमदार प्रदर्शन, चीन को 5-2 से दी शिकस्त

एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भारत का दमदार प्रदर्शन, चीन को 5-2 से दी शिकस्त

Asian Champions Trophy: एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय टीम ने जीत के साथ अपना दबदबा दिखाया। गुरुवार को खेले गए मुकाबले में मेजबान भारत ने चीन को 5-2 से हराया। वहीं, दिन के अन्य मैचों में जापान ने बांग्लादेश को 1-0 और मलेशिया ने दक्षिण कोरिया को 3-1 से मात दी। तीनों मुकाबले ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में खेले गए।

भारत की जीत में सुखजीत और हरमनप्रीत चमके

चीन के खिलाफ भारतीय खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। सुखजीत सिंह ने 12वें मिनट में फील्ड गोल कर भारत को शुरुआती बढ़त दिलाई। इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 27वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 2-0 कर दिया। चीन ने 26वें मिनट में पेंग यांग के गोल से वापसी की कोशिश की, लेकिन भारतीय टीम ने दबाव बनाए रखा। हरमनप्रीत ने 31वें मिनट में एक और पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल दागा, जबकि सुखजीत सिंह ने 34वें मिनट में अपना दूसरा गोल किया। चीन की ओर से चोंगकोंग चेन ने 36वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर के जरिए गोल किया। हालांकि, भारत की बढ़त कम नहीं हुई। जुगराज सिंह ने 47वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम की जीत 5-2 से पक्की कर दी।

पंजाब के मंत्री ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

पंजाब के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने भारत और चीन के बीच मुकाबला देखा। इस दौरान उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से मुलाकात भी की। खुड्डियां ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के प्रयासों से पंजाब को इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट की मेजबानी का अवसर मिला है। उन्होंने राज्य को भारतीय हॉकी का प्रमुख केंद्र बताते हुए कहा कि सरकार प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए जरूरी व्यवस्थाएं कर रही है।

जापान ने बांग्लादेश के खिलाफ दर्ज की करीबी जीत

दिन के एक अन्य मुकाबले में जापान और बांग्लादेश के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। दोनों टीमों के बीच मुकाबले का एकमात्र गोल 40वें मिनट में हुआ। जापान के राइकी फुजीशिमा ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। बांग्लादेश ने बराबरी करने की कोशिश की, लेकिन जापान की रक्षापंक्ति को भेदने में नाकाम रहा। इस तरह जापान ने मुकाबला अपने नाम कर लिया।

मलेशिया ने दक्षिण कोरिया को 3-1 से हराया

दिन के पहले मैच में मलेशिया ने दक्षिण कोरिया के खिलाफ शानदार खेल दिखाते हुए 3-1 से जीत हासिल की। मलेशिया के अजीमुद्दीन कमरुद्दीन ने 10वें मिनट में फील्ड गोल कर टीम को आगे कर दिया। दक्षिण कोरिया ने 31वें मिनट में सोंग हे-सोंग के गोल से मुकाबले में बराबरी कर ली। लेकिन दूसरे हाफ में मलेशिया ने फिर से आक्रामक खेल दिखाया।

मोहम्मद अखिमुल्लाह अनवर एसूक ने 36वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल कर मलेशिया को 2-1 से आगे कर दिया। इसके बाद फैसल बिन सारी ने 50वें मिनट में तीसरा गोल दागा। दक्षिण कोरिया आखिरी समय तक स्कोर बदलने में सफल नहीं हुआ और मलेशिया ने 3-1 से मुकाबला जीत लिया।


न्यूज डेस्क