यूपी चुनाव 2027 की तैयारी में जुटी बीजेपी, लखनऊ में अमित शाह की मौजूदगी में संगठन का महामंथन
by न्यूज डेस्क
UP Politics: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में लखनऊ में बीजेपी की प्रदेश कार्यसमिति की अहम बैठक आयोजित की जा रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में हो रही इस बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी चुनाव के लिए रणनीति तैयार करना और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना है। बैठक में करीब 2,850 नेताओं और पदाधिकारियों को आमंत्रित किया गया है। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के अलावा केंद्र और राज्य सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक तथा विधान परिषद सदस्य शामिल हो रहे हैं। इसके साथ ही प्रदेश संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों, जिला महामंत्रियों और पार्टी के विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों को भी बैठक में बुलाया गया है। वर्ष 2022 और 2024 के चुनावों में बीजेपी के टिकट पर मैदान में उतरे उम्मीदवारों को भी इस संगठनात्मक चर्चा का हिस्सा बनाया गया है।
बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर रहेगा जोर
बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर दिशा देंगे। चर्चा के केंद्र में बूथ प्रबंधन, संगठन का विस्तार और सामाजिक समीकरण जैसे मुद्दे रहने की उम्मीद है। बीजेपी की रणनीति चुनाव से पहले ही बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और संगठन के भीतर जिम्मेदारियों को स्पष्ट करने की है। पार्टी अपने पुराने चुनावी अनुभवों और 2014, 2017 तथा 2019 के चुनावों में अपनाई गई रणनीतियों पर भी चर्चा कर सकती है।
इस बैठक में अमित शाह मुख्य वक्ता होंगे, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समापन संबोधन देंगे। पार्टी के प्रदेश स्तर से लेकर जमीनी संगठन तक के नेताओं की मौजूदगी को चुनावी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
2027 में बीजेपी के सामने क्या होंगी चुनौतियां?
उत्तर प्रदेश में बीजेपी ने 2017 के विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत हासिल कर सरकार बनाई थी। इसके बाद 2022 के चुनाव में पार्टी दोबारा सत्ता में लौटी, हालांकि पिछली बार की तुलना में उसकी सीटें कम हुई थीं। वहीं, 2024 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के बेहतर प्रदर्शन ने प्रदेश की राजनीतिक तस्वीर में बदलाव के संकेत दिए। ऐसे में बीजेपी के सामने आगामी विधानसभा चुनाव में अपनी सत्ता बरकरार रखने के साथ-साथ संगठन को मजबूत करने और मतदाताओं के बीच समर्थन बढ़ाने की चुनौती है। इसी राजनीतिक परिस्थिति को देखते हुए पार्टी चुनाव से काफी पहले अपनी रणनीति पर काम कर रही है। लखनऊ में हो रही प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को इसी तैयारी का अहम हिस्सा माना जा रहा है।